बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद (एमएफ) हाईवे पर नकाब पहने बुलेट सवार तीन युवकों के पीछे कई किलोमीटर तक पुलिस लिखी एक कार ने उनका पीछा किया, जिसके बाद शहर की सीमा से दोनों वाहन आगे निकल गए। हालांकि, स्थानीय पुलिस को मामले की कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक बरेली की तरफ से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नबादा चौकी के पास आकर रुके। उन्होंने एक दुकान से सिगरेट खरीदी और पीने लगे। कुछ ही देर में पुलिस लिखी एक कार चौकी से निकलकर हाईवे पर ही रुकी। कार को देखते ही नकाब पहने युवक ने हाईवे पर बुलेट दौड़ा दी। कार ने भी उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कई किलोमीटर पीछा करने के बाद दोनों वाहन शहर की सीमा से निकल गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि बाइक सवार लोग बदमाश हैं। उनके पीछे किसी दूसरे जिले की पुलिस लगी थी।
मामले की सूचना नहीं है। अगर जानकारी मिलती तो वजीरगंज से लेकर फैजगंज बेहटा तक पुलिस को अलर्ट कर बुलेट सवार बदमाशों को पकड़ा भी जाता।
-सुनील कुमार, सीओ बिसौली