रोडवेज के बाहर अतिक्रमण ध्वस्त करता बुलडोजर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए एक बार फिर नगर पालिका का बुलडोजर चल पड़ा। इस बार रोडवेज के सामने और वाटरवर्क्स रोड पर दुकानों पर लगे टिनशेड तोड़ दिए गए और सड़क पर किया गया अतिक्रमण हटवा दिया। बुलडोजर देखकर तमाम दुकानदारों ने खुद ही बाहर रखा सामान समेटना शुरू कर दिया।
शहर की हालत अतिक्रमण से बदतर हो चली है। इसे हटाने के लिए अभियान तो चलते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर स्थिति वही हो जाती है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह और नगर पालिका के ईओ डॉ. दीप कुमार की अगुवाई में पालिका का बुलडोजर रोडवेज के सामने और वाटरवर्क्स रोड पर चला। दोपहर में अचानक चले इस अभियान से दुकानदारों में भी अफरातफरी मच गई।
कुछ दुकानदारों ने खुद ही सामान हटा लिया। सीओ सिटी आलोक मिश्रा के साथ पुलिस बल होने के कारण कोई खास विरोध भी नहीं हुआ। रोडवेज होने के कारण इस दौरान सड़क पर काफी भीड़भाड़ हो गई। तोड़फोड़ के बाद एकत्र हुआ कबाड़ पालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर ले गई
अवैध स्टैंड से टैक्सी लेकर भागे चालक
रोडवेज के साइड में टैक्सी चालकों ने अवैध टैक्सी स्टैंड बना रखा है। कई बार अभियान चले लेकिन कुछ दिनों के बाद टैक्सी चालक यहीं अड्डा जमा लेते हैं। बुधवार को जब अभियान चला तो यातायात प्रभारी अब्दुल सत्तार खां भी साथ रहे। इस दौरान जो टैक्सी चालक दिखा तो उसका चालान कर दिया गया। इससे चालकों में अफरातफरी मच गई और वे अपनी गाड़ियां लेकर भाग गए। चार-पांच गाड़ियों का चालान यहां किया गया। अभियान के बाद यह रोड एकदम चौड़ा नजर आने लगा। यातायात प्रभारी ने बताया कि इसके अलावा भी जिले में अभियान चलाकर 50 वाहनों का चालान कर छह हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
शहर में काफी अतिक्रमण हो चुका है। अब इसके खिलाफ रोजाना अभियान चलाया जाएगा। अभियान का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। सोमवार से रोस्टर के मुुताबिक अभियान चलेगा। -ब्रजेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रोडवेज के सामने दुकानदार खुद ही हटाने लगे अतिक्रमण। संवाद- फोटो : BADAUN