मोहम्मदगंज में रविवार सुबह सांड ने एक महिला को पटक कर मार डाला। महिला उस वक्त खेत में घास छील रही थी। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। उस वक्त गांव मोहम्मदगंज निवासी मुन्नी देवी (56) पत्नी रामवीर जाटव गांव के नजदीक प्यारे लाल के खेत में मवेशियों के लिए घास छील रहीं थीं। वह घास छीलने में व्यस्त थीं कि उसी दौरान दौड़कर आए एक आवारा सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड ने मुन्नी देवी को उठाकर पटकना शुरू कर दिया। उस दौरान कई लोग आसपास खेतों में काम कर रहे थे। वह महिला की चीख-पुकार सुनकर दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड ने महिला को करीब पांच फीट ऊपर तक उछाल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर जैसे-तैसे सांड़ को मौके से हटाया। जख्मी महिला को नजदीकी गांव सिरासौल में एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने गंभीर हालत देखकर बरेली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जाने की तैयारी कर रहे थे, उसी समय उनकी मौत हो गई। सूचना पर तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही लेकिन महिला के बेटे दौलतराम ने पोस्टमार्टम कराने के इनकार कर दिया। इसके बावजूद तहसीलदार ने परिवार वालों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
इलाके में आवारा सांड़ ले चुके हैं कई लोगों की जान
आवारा मवेशियों के लिए सरकार की ओर से भले ही गोशालाएं खोली गईं हैं। उनके नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं लेकिन हकीकत में तमाम मवेशी सड़कों पर छुट्टा घूम रहे हैं। जो राहगीरों और फसल के लिए खतरा बने हुए हैं। इसी तरह की एक घटना 10 जनवरी 2018 को हुई थी। बिल्सी के मोहल्ला नंबर तीन में नई टंकी के पास बनी अस्थायी गोशाला से एक सांड़ निकल भागा था। उसने मोहल्ले के ही धर्मवीर को अपने सींगों पर उठाकर पटक दिया था। जिससे उनकी मौत हो गई थी।
इसके अलावा बैरमई बुजुर्ग गांव में किसान ओमप्रकाश (35) पुत्र गोपाल को पटक कर मार डाला था। वह खेत पर धान रोपने जा रहे थे। तीसरी घटना मोहम्मदगंज में हुई है। यहां के लोगों ने बताया कि इसी खूंखार सांड़ ने गांव के अरविंद पुत्र ब्रजभान, टिंकू पुत्र प्रकाश शर्मा और भूरे की मां पर हमला बोलकर घायल कर दिया था। तीनों लोग इलाज करा रहे हैं।