हल्की बारिश में हाईवे पर हुआ जलभराव
रविवार को हुई हल्की बारिश ने ही कई स्थानों पर जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बदायूं से गुजरने वाले हाईवे और बदायूं बाइपास के कुछ हिस्सों में पानी भर गया, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सबसे ज्यादा स्थित बिल्सी चौराहे के पास में खराब थी। सड़क पर पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनका अंदाजा नहीं लग सका और हादसे का खतरा बना रहा। बारिश के दौरान लोग सावधानी से वाहन चलाते नजर आए।
बारिश से किसानों के चेहरे खिले
रविवार को दिनभर हुई हल्की बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। इसमें धान की रोपाई कर रहे किसानों को इसका सबसे अधिक लाभ मिला। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी, जिससे रोपाई का कार्य आसान हो गया। किसान धनवीर, रामकिशन का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सिंचाई के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा था, लेकिन बारिश होने से यह जरूरत कम हो गई।
वहीं जिन खेतों में धान की रोपाई पूरी हो चुकी है, वहां भी फसल को फायदा मिलेगा। किसान महेश सिंह, गनपत राम ने उम्मीद जताई कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही तो खरीफ की फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।