भारत संचार निगम लिमिटेड की शहर के कई हिस्सों में लैंड लाइन और ब्राडबैंड सेवा ठप हो गई है। विभाग की टीमें सेवाएं बहाल करने में जुटी हुई हैं। लेकिन स्थित अभी सामान्य नहीं हो सकी है। शहर में कई जगह पर बिजली विभाग अंडर ग्राउंड केबिल डालने का काम कर रहा है। सड़कों की खोदाई के दौरान बीएसएनएल की लाइनों को क्षति पहुंच रही है।
इन दिनों शहर के कई हिस्सों में बिजली विभाग अंडर ग्राउंड लाइन डालने का काम कर रहा है। सड़कों की खोदाई की वजह से नई सराय, जोगीपुरा, ब्राह्मपुर, शहवाजपुर, आदर्श नगर समेत कई इलाकों में बीएसएनएल की केबिल को नुकसान हुआ है। इससे शहर में करीब 500 लैंड लाइन और ब्राडबैंड कनेक्शन प्रभावित हुए हैं। बीएसएनएल की अलग-अलग तकनीकी टीमें सेवाओं को बहाल करने में जुटी हुई हैं। इसके बाद भी हालात सामान्य नहीं हो रहे हैं। ब्राडबैंड सेवा प्रभावित होने से इंटरनेट कनेक्टविटी में दिक्कत आ रही है। इससे बैंकों में कामकाज के साथ एटीएम भी प्रभावित हो रहे हैं।
कुछ लैंड लाइन फोन खराब हुए थे। इनको ठीक कराया जा रहा है। टीमें अपना काम कर रही हैं। एक-दो दिन में स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी।-एपी सिंह, एसडीओ लैंड लाइन
लैंड लाइन 49, ब्राडबैंड की बुकिंग सिर्फ 249 रुपये में
बदायूं। भारत संचार निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए एक और फंडा अपनाया है। लैंड लाइन और ब्राडबैंड कनेक्शन बढ़ाने के लिए कई स्कीम लागू की गई हैं। इसके लिए बीएसएनएल की ओर से गुरुवार को जिले में मेगा मेला का आयोजन किया जाएगा।
बेसिक फोन उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए मेला में 49 रुपये में लैंड लाइन और सिर्फ 249 रुपये में ब्राडबैंड के कनेक्शन की बुकिंग की जाएगी। टीडीएम वीपी सिंह ने बताया कि मेला में मोबाइल सिम बिक्री भी की जाएगी। 60 रुपये के सिम पर प्रतिमाह 20 रुपये का टॉक टाइम मिलेगा। इसके साथ 300 एमबी फ्री जी डाटा भी दिया जाएगा। बेसिक फोन पर प्रतिदिन रात नौ से सुबह सात बजे तक फ्री बात होगी। प्रत्येक रविवार को किसी भी नेटवर्क पर पूरा दिन फ्री बात मिलेगी। ब्राडबैंड कनेक्शन पर 1199 रुपये में असीमित डाटा के साथ किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त कॉल की सुविधा मिलेगी। शहर में इंदिरा चौक, स्टेशन रोड राठी ट्रेडर्स और कुंवरगांव टेलीफोन एक्सचेंज पर मेला लगाया जाएगा। इसके अलावा बिल्सी, दहगवां, सहसवान, खितौरा, बिसौली, बगरैन, इस्लामनगर, सैदपुर, बबराला, गवां, गुन्नौर, दातागंज, सखानूं, हजरतपुर, ककराला, अलापुर, उसावां, उझानी, कछला और कादरचौक में भी मेला का आयोजन किया जाएगा।