बदायूं। जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के शिलान्यास कार्यक्रम और जून के खाद्यान्न भुगतान में कथित अनियमितताओं को लेकर बीएसए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए राज्यमंत्री डॉ.अरुण कुमार ने शासन को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता पूर्व विधायक धर्मेंद्र सिंह शाक्य, डीसीबी चेयरमैन जितेंद्र कुमार सक्सेना, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पारस गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष शाक्य का आरोप है कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के शिलान्यास कार्यक्रम में शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल और जनप्रतिनिधियों की भूमिका की अनदेखी की गई। इसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है।
इसके अलावा जून के खाद्यान्न भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि भुगतान प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। भाजपा नेताओं ने बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। और जिले के प्रभारी मंत्री , वन विभाग राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना को शिकायत की। इसके आधार पर राज्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री को पत्र लिखा है।
शिलान्यास कार्यक्रम बना विवाद की वजह
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम के आयोजन में शिलान्यास पर बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का नाम नहीं लिखा। वहीं शिक्षक समायोजन में बीएसए की ओर से शिक्षकाें से वसूली की जा रही है।
भुगतान प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
जून के खाद्यान्न भुगतान को लेकर भी भाजपा नेताओं ने बीएसए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। नेताओं ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। यदि जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
मैंने जून में ही जिले में चार्ज संभाला है। शासन के निर्देशानुसार काम किया गया है, जो भी शिकायतें हैं, वह पूरी तरह निराधार हैं। केवल अप्रैल और मई का भुगतान किया गया है। जून का कोई भुगतान नहीं हुआ है। -नवीन कुमार, बीएसए