दूध वितरण के संबंध में बच्चों से जानकारी लेते बीएसए। स्त्राेत विभाग
बदायूं। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को दूध का वितरण किए जाने के शासन ने निर्देश दिए हैं। बीएसए के निरीक्षण में कई स्कूलों में दूध का वितरण न होने की जानकारी मिली। इस पर बीएसए ने प्रभारी व प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा।
बीएसए वीरेंद्र कुमार ने तहसील सहसवान क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय सिठौलिया, प्राथमिक विद्यालय सिठौलिया खाम, प्राथमिक विद्यालय डकारा खाम, प्राथमिक विद्यालय बसौलिया, प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर खैरू, उच्च प्राथमिक विद्यालय भवानीपुररा खैरू में दूध का वितरण नहीं किया गया।
इस पर बीएसए ने प्रभारी व प्रधानाध्यापक से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही संविलियन विद्यालय चमरपुर, संविलियन विद्यालय भज्जी की मढैया में भी दूध का वितरण नहीं किया जा रहा है। स्टाफ ने बताया कि यहां पर प्रधान की ओर से एमडीएम का वितरण किया जाता है। उन्होंने दूध नहीं बंटवाया है।
इस पर बीएसए ने एमडीएम जिला समन्वयक को निर्देश दिए है कि प्रधानों को नोटिस जारी किया जाए। साथ ही दूध का वितरण कराया जाएगा। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय पर तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वह ब्लॉक संसाधन केंद्र पर ऑउट ऑफ स्कूल के प्रशिक्षण में गए हैं। जानकारी करने पर पता चला कि वह प्रशिक्षण में नहीं गए। इस पर उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा है।