दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव नगरिया खनू में फावड़े से काटकर छोटे भाई की हत्या करने का आरोपी रामस्वरूप दूसरे दिन भी नहीं पकड़ा जा सका। थाना पुलिस की दो टीमें लगातार उसे तलाश कर रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी शायद गंगा की कटरी में कहीं छिपा है।
बुधवार रात नगरिया खनू गांव में 28 वर्षीय पप्पू की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। शाम के समय उसका बड़े भाई रामस्वरूप से विवाद हो गया था। रामस्वरूप शराब पीकर घर आया था। वह अपनी मां पात्रा देवी के साथ गालीगलौज कर रहा था। पप्पू ने इसका विरोध किया तो रामस्वरूप उससे भी गालीगलौज करने लगा। बाद में सोते समय उसने पप्पू की फावड़े से वार करके हत्या कर दी। इसके बाद घर से भाग गया।
बृहस्पतिवार को परिवार वालों ने पोस्टमार्टम के बाद पप्पू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। रामस्वरूप के खिलाफ छोटे भाई हरवंश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी आरोपी का कुछ पता नहीं चला है। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
एक साल पहले गांव लहडौरा में हुई थी भाई-भाभी की हत्या
कोतवाली क्षेत्र के गांव लहडौरा में पिछले साल भाई और भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई है। ग्राम लहडौरा निवासी सोमवीर खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका भाई उदयवीर बरेली के फरीदपुर में रहता था। वह 14 दिसंबर 2023 को घर आया और रात को रुक गया। बाद में उसने सोते समय सोमवीर और उनकी पत्नी खुशबू की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस उसके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।