वार्ड परिक्रमा-
वार्ड संख्या-आठ
शहर के वार्ड नंबर आठ जालंधरी सराय मोहल्ले के बाशिंदे गंदगी, चोक नालियों और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश में जलभराव का डर इन्हें भी सताए हुए है। इस वार्ड में लगभग 60-70 गालियां और तीन रोड हैं। इसमें अधिकतर गलियां टूटी हैं। कहीं बिजली विभाग की ओर से खोदकर डाल दी गई हैं और कहीं पहले से टूटी पड़ीं हैं। वार्ड में 200 स्ट्रीट लाइटों में से अधिक तर लाइटें खराब हैं। इस वार्ड में दो-तीन छोटे नाले भी बहते हैं। उनकी सफाई न होने से वे चोक हैं। इससे बारिश में जलभराव की आशंका नागरिकों को परेशान किए हुए है। वार्ड में जिला अस्पताल से लेकर जालंधरी सराय से होते हुए मथुरा रोड शिव मंदिर और इस्लामियां इंटर कॉलेज के दीवार से दशमेश थ्रेसर तिराहे तक की सड़कें टूटी हैं। वार्ड में छह-सात सफाईकर्मी हैं लेकिन गलियों में गंदगी फिर भी पसरी हुई है।
---------------------
वार्ड में दिक्कत-
-जिला अस्पताल तिराहे से लेकर शिवपुरम तक करीब आधे मोहल्ले में जलभराव हैं। यह जलभराव जिला अस्पताल से लेकर जालंधरी सराय मोहल्ले वाला नाला चोक होने की वजह से है।
-कई सड़कें टूटी होने की वजह से लोगों का इस मोहल्ले में निकलना मुश्किल है।
-करीब सौ स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। इससे लोगों को रात में निकलना मुश्किल है।
-शिवुपरम मेन गली में जिला महिला अस्पताल के पीछे, शिवपुरम मेन गली में मस्जिद से पहले और मथुरा रोड शिव मंदिर के पास नल खराब हैं।
------------------
क्या कहते हैं लोग......
जालंधरी सराय निवासी उर्मिला ने बताया कि यहां न तो कोई सफाई कर्मचारी आता है और न ही कूड़ा उठता है। जगह-जगह गंदगी पड़ी होने की वजह से बदबू आती रहती है। घर-पड़ोस में होने की वजह से हर समय बीमारी की आशंका बनी रहती है।
-
उमाशंकर ने बताया कि जालंधरी सराय से सफाई कर्मचारियों ने आधा कूड़ा उठाया है, आधा नहीं। ऐसी सफाई से क्या फायदा है, गंदगी बरकरार बनी हुई है। यहां कभी सफाई ही नहीं होती है। यहां से लोगों को बदबू की वजह से निकलना मुश्किल है।
-
शिवपुरम में सौरभ ने बताया कि रोड टूटी होने की जिला गलियों में गंदगी और कूड़े की वजह से रहना मुश्किल है। घरों में गंदा पानी घुस रहा है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डायरिया, संक्रामक और तमाम गंभीर बीमारियां पनप रही हैं। -
-
शिवपुरम में रहने वाले राकेश कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल से लेकर इस्लामियां कॉलेज के सामने वाली सड़क टूटी पड़ी है। जिला अस्पताल के पीछे नाला चोक है, इससे बरसात होने पर पूरा मोहल्ले में जलभराव हो जाता है।
-
मन्नो का कहना है कि इस्लामियां कॉलेज के सामने गली में बेहद जलभराव होता है। घर के सामने गली टूटी पड़ी है। बारिश तो छोड़ो टूटी नालियों की वजह से अभी पानी भरा हुआ है। कई बार पालिका सदस्य से कहा जा चुका है, लेकिन कोई नही सुन रहा है। -------------------------
पालिका सदस्य ने कहा
वार्ड की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। कई समस्याओं का समाधान हुआ भी है। नालों की सफाई समय रहते कराने के लिए नगर पालिका अफसरों से कहा है। लाइटें सही कराने के लिए कई बार कहा गया। गंदगी की समस्या भी हल करा रहे हैं।
- प्रदीप, पालिका सदस्य पति