जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण करते औषधि निरीक्षक। स्रोत विभाग
बदायूं। प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत जिला महिला अस्पताल परिसर में संचालित केंद्र पर जेनेरिक दवाओं के साथ-साथ ब्रांडेड कंपनियों की दवाएं बेचे जाने की शिकायत पर शुक्रवार को औषधि निरीक्षक ने छापा मारा। जांच के दौरान वहां पर 2710 रुपये मूल्य की ब्रांडेड दवाएं और 1194 रुपये के खाद्य उत्पाद पाए गए। इसे सीज कर दिया गया है।
औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने बताया कि जन औषधि केंद्र का उद्देश्य मरीजों को कम दामों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराना है। ब्रांडेड दवाओं की बिक्री योजना के नियमों का उल्लंघन है। इसके चलते केंद्र पर दवाओं व अन्य उत्पादों की बिक्री और खरीद पर तत्काल रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। जो दवाएं मिली है, उनकी जांच के लिए लखनऊ की राजकीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला में भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद केंद्र संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।