- सेल्समैन ने ओवररेट बेचा तो दर्ज हुई एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव। कस्बे में देसी शराब के एक सेल्समैन के खिलाफ ओवररेट बिक्री करने पर एफआईआर दर्ज हुई है।
लंबे समय से कुंवरगांव कस्बे में ओवररेट शराब बेचने की शिकायतें आ रहीं हैं। कस्बे के कई वीडियो भी वायरल हुए थे। बावजूद इसके ओवररेट बिक्री करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई। इन तमाम शिकायतों की सूचना पर आबकारी निरीक्षक रोहित शर्मा मंगलवार को कुंवरगांव कस्बा पहुंचे। उन्होंने एक व्यक्ति को देसी शराब की दुकान पर ग्राहक बनाकर भेजा। उस व्यक्ति ने दुकान पर जाकर देसी शराब का एक पौव्वा खरीदा। इसके लिए उसने सौ रुपये का नोट दिया।
सेल्समैन रविंद्र सिंह ने उसे तीस रुपये लौटाए, लेकिन दो रुपये नहीं लौटाए। सेल्समैन ने 68 रुपये का पौव्वा 70 रुपये में बेचा। इस संबंध में आबकारी निरीक्षक रोहित शर्मा ने सेल्समैन के खिलाफ ग्राहकों से धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।