बरेली-मथुरा हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल सवार दो युवकों को रौंद दिया। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक की हालत नाजुक है।
हादसा शनिवार पूर्वाह्न में हाईवे पर पुलिया के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव फूलपुर निवासी अतीक अहमद (18) पुत्र अकील अहमद अपने दोस्त गांव के ही होरीलाल (17) पुत्र के साथ साइकिल से बाजार की ओर निकला तभी पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। दोनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, लेकिन चालक बोलेरो को दौड़ा ले गया। दुर्घटनास्थल के पास ही मौजूद एक अन्य साइकिल सवार ने बोलेरो का नंबर नोट कर लिया। उसने कोतवाली फोन करके पुलिस को भी उसका नंबर बता दिया। उसी ने 108 नंबर पर कॉल करके एंबुलेंस से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायलों में अतीक की हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।