बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव जरीफपुर गढ़िया में सोमवार देर शाम खेत पर गए एक युवक का शव उसके ही ट्यूबवेल पर मिला। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिलने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
गांव निवासी बांकेलाल (45) पुत्र प्यारेलाल सोमवार शाम खेत पर काम करने गए थे। देर रात सूचना मिली कि वह अपने ट्यूबवेल पर मृत अवस्था में पड़े है। जानकारी मिलने पर परिवार में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे मृत पाया। उसके शरीर पर चोट आदि के निशान नहीं मिले। ऐसे में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हृदयाघात से हुई होगी, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।