इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव दजरामपुर में आत्महत्या करने वाले सर्वेश का फाइल फोटो।
नूरपुर पिनौनी। इस्लामनगर क्षेत्र के गांव दजरामपुर में बुधवार रात 25 वर्षीय युवक का शव गांव से कुछ दूर जंगल में पेड़ से बंधे मचान से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
क्षेत्र के गांव दजरामपुर निवासी सर्वेश पुत्र रामनाथ माली अलीगढ़ में अपने भाइयों के साथ रहकर गोलगप्पे का ठेला लगाता था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। सर्वेश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह बुधवार को अलीगढ़ से गांव लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा था। रात करीब साढ़े आठ बजे के बीच गांव से कुछ दूर जंगल में मक्का की फसल की रखवाली के लिए बनाए गए मचान पर उसका शव फंदे से लटका मिला।
ग्रामीणों ने रात करीब नौ बजे पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सर्वेश अविवाहित था। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। युवक की मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही चलेगा। अभी इस संबंध में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।