बदायूं। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए शासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। लगातार हादसों वाले चिह्नित ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाने के लिए 32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से दो एफएम हाईवे, दो मेरठ-बदायूं हाईवे व शाहाबाद-बिसौली-कछला मार्ग पर स्थित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य कराया जाएगा। इन स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
जिले में कई ऐसे स्थान हैं, जहां हर वर्ष सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इन स्थानों को सड़क सुरक्षा समिति और संबंधित विभागों द्वारा ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया था। जांच में सामने आया था कि कहीं तीखे मोड़ हैं, तो कहीं सड़क की बनावट, संकेतकों की कमी या दृश्यता कम होने के कारण हादसे होते हैं।
कई स्थानों पर वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा तक नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं। अब शासन से मिली धनराशि के जरिए इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जाएंगे। इसमें चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट्स आई, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, दिशा सूचक संकेतक और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर सड़क की ज्यामितीय खामियों को भी दूर किया जाएगा, ताकि वाहन चालक सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सके।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ब्लैक स्पॉट सुधार कार्य को प्राथमिकता पर कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित मार्गों पर दुर्घटना की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी। संवाद