बदायूं। भाकियू (असली गैर राजनीतिक) ने किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं, भ्रष्टाचार के विरोध में शुक्रवार को तहसील सदर परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन ने प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए छह सूत्री ज्ञापन दिया।
जिला सचिव सूरजपाल सिंह ने कहा कि विकासखंड जगत के गांव फरीदापुर सानी में 18 अप्रैल को गांव के सार्वजनिक रास्ते पर कुछ दबंगों ने पक्की दीवार और भूसा रखकर रास्ता बंद कर दिया था। इसकी शिकायत तहसीलदार से कई बार की गई, लेकिन आज तक रास्ता नहीं खुल सका।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लेखपाल की मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने रास्ते को कब्जामुक्त कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बदायूं-उझानी मार्ग पर चंदिका देवी इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे सरकारी भूमि पर कब्जा कर दुकानें बनाने का भी मुद्दा उठाया।
लोक निर्माण विभाग ने शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की। जिला अध्यक्ष केपीएस राठौर ने कहा कि किसानों को खाद की किल्लत है। वहीं दुकानदार खाद ओवररेट पर बेच रहे हैं। सहकारी समितियों पर भी अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उन्होंने कालाबाजारी करने वालों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।
सलारपुर ब्लॉक क्षेत्र में राशन वितरण के दौरान ट्रांसपोर्टर घटिया और भीगा गेहूं पहुंचा रहे हैं, जिससे गरीबों को पूरा राशन नहीं मिल रहा है। इसके अलावा तहसील सदर में दाखिल-खारिज, पैमाइश, जाति, आय, मूल निवास और हैसियत प्रमाण पत्र बनाने में रिश्वत मांगे जाने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन में हरीश पटेल, प्रताप सिंह, भावेश सिंह, खान बहादुर, राजपाल, विपिन माहेश्वरी, कमल गुप्ता, रामेंद्र यादव, पप्पू मौर्य, रामपाल मौर्य, बलवीर सिंह, शिवपाल यादव, गंगा सिंह, द्वारकेश सिंह आदि मौजूद रहे।