भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में किसी अधिकारी के न पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने डीएम आवास के सामने दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम बिल्सी पहुंच गए। बाद में भाकियू कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाकियू गेहूं सेंटरों पर हो रही धांधली, रोयनाई में सीबीएस ब्रांच, राशन वितरण में धांधली, स्कूलों में अभिभावकों का शोषण समेत दर्जनों मुद्दों पर आक्रोशित भाकियू ने मालवीय आवास मासिक पंचायत शुरू की, लेकिन अवकाश होने के कारण कोई अधिकारी मांग पत्र लेने नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने मालवीय आवास से दरी उठाकर डीएम आवास के सामने डाल दी और नारेबाजी करने लगे। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट एके श्रीवास्तव, एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स भी बुला ली गई।
मासिक पंचायत में भाकियू जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाममात्र के गेहूं क्रय केंद्र चल रहे हैं। गेहूं की पैदावार काफी कम हो गई है। बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना और भाकियू नगर अध्यक्ष हारुन गौस व जिला महासचिव रामाशंकर शंखधार ने निजी स्कूलों में अभिभावकों के शोषण पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस मौके पर बाबू खां, पप्पू सैफी, कल्लन मियां, अफजाल, नरेंद्र सक्सेना, शाह फैसल, चौ. सौदान सिंह, आरिफ गाजी, कल्याण सिंह राठौर, शांति देवी, रईस अहमद, कमाल, परवेज अंसारी, शिवदयाल सागर, मेघ सिंह, प्रकाश आदि मौजूद रहे।