डीएम बोले- शासन स्तर से हो रहा जमीन का अधिग्रहण, नहीं लगा सकते हैं रोक
भाकियू ने अधिग्रहण न रुकने पर दी धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी
संवाद न्यूज अएजेंसी
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) बिनावर में बन रहे औद्योगिक गलियारे के विरोध में उतर आई है। उसने किसानों की जमीन का बिना उनकी मर्जी के अधिग्रहण करने का आरोप लगाया है। शनिवार को इस बाबत जिलाध्यक्ष व मंडल प्रवक्ता ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान दोनों की डीएम से तीखी नोकझोंक भी हुई। भाकियू ने जमीन का अधिग्रहण न रुकने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इधर, डीएम का कहना है कि जमीन का अधिग्रहण शासन स्तर से हो रहा है। वह इस पर रोक नहीं लगा सकते हैं।
ज्ञापन देने पहुंचे भाकियू के जिलाध्यक्ष रमाशंकर शंखधार और मंडल प्रवक्ता राजेश सक्सेना ने डीएम से कहा कि बिनावर में औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण बिना उनकी मर्जी के किया जा रहा है। इस पर डीएम मनोज कुमार ने कहा कि अधिग्रहण शासन स्तर से किया जा रहा है। इसे रोकना उनके अधिकार में नहीं है। भाकियू विकास कार्य में रोड़ा अटकाने का काम कर रही है। इस पर मंडल प्रवक्ता राजेश सक्सेना की डीएम से तीखी नोकझोंक हो गई।
राजेश ने कहा कि अब इस मुद्दे पर किसानों से बात कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस तरह से किसानों की जमीन का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। तहसील अध्यक्ष ठाकुर अर्जुन पाल सिंह व औरंगाबाद माफी के पूर्व प्रधान फैयाज अली ने कहा तीन गांवों के किसानों की जमीन पर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। तीनों गांवों की जमीन के सर्किल रेट में काफी अंतर है। मुआवजे के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन मनमानी करेगा तो इलाहाबाद के राष्ट्रीय शिविर में यह मुद्दा उठाया जाएगा। मनमाने अधिग्रहण के खिलाफ बदायूं की धरती से बड़ा आंदोलन होगा। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत को भी बुलाया जाएगा। इस मौके पर कृष्ण पाल सिंह, राहुल सिंह, सुनील शर्मा, शराफत अली, मोहम्मद फैयाज अली आदि मौजूद रहे।