डीएम को ज्ञापन भेजा, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बैंक ऑफ बड़ौदा पर किसानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन ने मैनेजर के खिलाफ गुस्से का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने मैनेजर से शाखा की कार्यप्रणाली की शिकायत की। आरोप लगाया कि किसानों को जरूरत के हिसाब से रकम मुहैया न कराकर चहेतों को मनमाना कैश दिया जा रहा है। इसके बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बैंक गेट पर नारेबाजी करते हुए मैनेजर का पुतला फूंका।
भाकियू के कार्यकर्ता बुधवार दोपहर बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचे। पंचायत करके कार्यकर्ताओं ने मैनेजर पर नोट बदलने से लेकर चेक से रकम देने में गंभीर आरोप लगाए। कहा किसानों को बुवाई और खाद के लिए रुपयों की जरूरत है। लेकिन, मैनेजर विड्रॉल और चेक पर आरबीआई की गाइडलाइन के अनुरूप भुगतान करने की बजाय कम रकम भरवा लेते हैं। नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन वर्मा ने कहा कि उन्हीं लोगों को मनमानी रकम मुहैया कराई जा रही है जिनसे उन्हें आर्थिक फायदा होता है। पंचायत के बाद कार्यकर्ता बैंक मैनेजर से भी मिले।
गुस्साए कार्यकर्ताओं नेे बैंक गेट पर मैनेजर समेत बैंक कर्मियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मैनेजर का पुतला फूंका। यूनियन ने डीएम को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन करने की चेतावनी दी। शिकायत में उन्होंने इफ्को के सेंटर इंचार्ज पर पांच सौ रुपये के नोट नहीं लेने का आरोप भी लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों में आसिम उमर, दुर्वेंद्र चौहान, सत्यवीर सिंह यादव, शाकिर अंसारी, रजनेश बदनसिंह, महेंद्र, वारिस, आशू, देवकुमार, अनिल ओर कृपाल सिंह आदि शामिल थे।