भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी स्वर्गीय नेतराम शाक्य को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए?
- फोटो : BADAUN
बदायूं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के गांव कादराबाद पहुंचे। घर पहुंचकर उनके पिता नेतराम शाक्य के निधन पर शोक व्यक्त किया। करीब 20 मिनट रुकने के बाद में वह बरेली लौट गए। पांच को गांव में दसवां संस्कार होगा।
विधायक के पिता नेतराम शाक्य का 29 अक्तूबर को निधन हो गया था। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बरेली से बिनावर होते हुए कादराबाद पहुंचे और घर पर पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विधायक के अलावा उनकी माता फूलादेवी को भी सांत्वना दी। कहा कि वह और पूरी पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा रजनीकांत माहेश्वरी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करके शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इधर, बरेली से कादराबाद जाते समय पुठी सराय पर प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष बरेली पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला वीर सिंह पाल, विधायक राजीव कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व मंत्री बहोरन लाल मौर्य आदि मौजूद रहे।