बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र में रात में बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ता खफा हैं। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने तहसील क्षेत्र के गांव रायपुर बुजुर्ग में रात्रिकालीन कटौती को लेकर पुतला फुंका।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा संवाद प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष पीयूष शाक्य ने कहा कि तहसील मुख्यालय को छोड़ बाकी देहात क्षेत्र में सिंगल ग्रुप के तहत प्रात: सात से शाम पांच बजे तक सप्लाई दी जा रही है। चूंकि यूपी और सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक हैं, इसलिए परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट को तैयारी में दिक्कतें उठानी पड़ रहीं हैं। उनकी तैयारी नहीं हो पा रही है। इससे देहात क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में काफी रोष है।
इसके अलावा किसान भी अपने खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन कटौती के संबंध में जब एसडीओ बिल्सी से बात की गई, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सभी ने एक राय से देहात क्षेत्र को भी तहसील मुख्यालय के तरह डबल ग्रुप सप्लाई देने की मांग की।
बाद में गांव में मुख्य सड़क पर बिजली विभाग का पुतला फुंकते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर जुगेंद्र सिंह त्यागी, राहुल माहेश्वरी, अमलेश सिंह, हरिओम, मोहित गुप्ता, वरुण शंखधार, अरुण कुमार, सुनील कुमार, विजय, अमर सिंह, श्याम बाबू, रणधीर, रवि, मनोज, हृदयेश, विकास, सुरेश आदि मौजूद रहे।