जनसभा को संबोधित करते सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र। स्रोत सपा कार्यालय
बदायूं। सपा के राष्ट्रीय आह्वान पर पीडीए पखवाड़ा के तहत सहसवान विधानसभा क्षेत्र के गांव चंदपुरा में युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। ग्राम कोठा में सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार तानाशाह है। वह दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के संविधान प्रदत्त अधिकारियों का हनन कर रही है।
पूर्व सांसद ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बदायूं में विधानसभावार पीडीए पखवाड़ा के तहत जनपंचायत कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकोंं को संविधान में दिए गए अधिकारों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों में छुट्टा जानवर फसलें नष्ट कर रहे हैं। गोवंशीय पशु पालकों को दूध का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। आमजनता, और सपा कार्यकर्ताओं का थानोंं व तहसील में खुलेआम शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाल फीताशाही चरम पर है। उत्तर प्रदेश में जब-जब सपा की सरकार बनी है, तब-तब छात्र, नौजवान, अल्पसंख्यक, दलित, शोषित, पीड़ित सहित समाज के हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं हैं। प्रदेश की जनता भाजपाइयों के झूठ को अच्छी तरह समझ चुकी है। इस मौके पर नवाब सिंह, ब्रजेंंद्र यादव, हाफिज इरफान, हर्षित यादव, चंद्रकेश यादव, नरोत्तम सिंह, चेतराम कश्यप आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता सहसवान विधायक ब्रजेश यादव ने की।