फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: 15 या 16 अप्रैल से एचपीसीएल प्लांट के संचालन की उम्मीद, मई से शुरू होगा बायोगैस उत्पादन

Mon, 13 Apr 2026 11:46 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
एचपीसीएल प्लांट सैजनी। संवाद
विज्ञापन
बदायूं के सैजनी स्थित एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) बायोगैस प्लांट में एक बार फिर उत्पादन शुरू होने की तैयारी तेज हो गई है। प्लांट की मशीनों को हर दिन चलाया जा रहा है, लेकिन कमियां होने से पूरी तरह से काम शुरू नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्लांट का विधिवत संचालन 15 या 16 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। जबकि बायोगैस का उत्पादन आगामी मई से प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विज्ञापन


मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित प्लांट में बीते 12 मार्च को दो अधिकारियों की हत्या की घटना के बाद से संयंत्र का संचालन पूरी तरह ठप हो गया था। करीब एक माह तक प्लांट बंद रहने के कारण मशीनों पर भी असर पड़ा है, जिससे कई तकनीकी खामियां सामने आई हैं। वर्तमान में इंजीनियरिंग टीम लगातार मशीनों की मरम्मत और तकनीकी खामियों को दूर करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य अंतिम चरण में है और प्लांट को जल्द ही पूरी क्षमता के साथ चालू कर दिया जाएगा।

उत्पादन शुरू होने में लगेगा 20-25 दिन का समय
विशेषज्ञों के अनुसार प्लांट के सुचारू रूप से चलने के बाद बायोगैस का पहला उत्पादन शुरू होने में लगभग 20 से 25 दिन का समय लगता है। इसी के चलते मई माह में उत्पादन शुरू होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
विज्ञापन


भर्ती और पराली प्रबंधन के कार्य भी तेज
प्लांट में कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया, पुलिस वेरिफिकेशन और पराली प्रबंधन से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने के साथ ही उत्पादन के लिए कच्चे माल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पीएसी तैनात
प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। यहां पीएसी की तैनाती के साथ-साथ पुलिस चौकी पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि एचपीसीएल प्लांट का संचालन शुरू हो चुका है। जल्द ही पहले की तरह यहां काम होगा। सुरक्षा के लिए पुलिस की टीमें तैनात हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें