उझानी। छतुइया फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन को देखकर युवक बाइक छोड़कर भाग गया। ट्रेन की चपेट में आने से बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। फाटक बंद होने के बाद एक युवक बाइक लेकर रेलवे स्टेशन की दिशा में बढ़ गया। फाटक से करीब तीन सौ मीटर दूर जाकर युवक ने ट्रैक से होकर बाइक निकालने की कोशिश की। उसी दौरान युवक को ट्रेन आती दिख गई। वह ट्रैक से बाइक को आगे नहीं बढ़ा पाया। खुद को ट्रेन की चपेट में आने के डर से वह बाइक ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गया।
उसी दौरान ट्रेन निकली और वह बाइक को रौंदते हुए स्टेशन की ओर चली गई। फाटक के पास मौजूद लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें युवक नजर नहीं आया। आरपीएफ के दरोगा संदीप ने बाइक के बिखरे पड़े कल-पुर्जे बटोरकर उन्हें कब्जे में ले लिया है। आरपीएफ ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। एसआई ने बताया कि बाइक मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी।