सहसवान। बाइक और ई-रिक्शा में हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा मंगलवार देर शाम साढ़े छह बजे सहसवान-बिसौली मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के पास हुआ। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी दो युवक हरकेश पुत्र सुरेश पाल और मदनलाल पुत्र भूरे बाइक से बिसौली की ओर जा रहे थे। सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टकराकर बाइक सड़क पर गिर गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए और ई-रिक्शा चालक वाहन लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने हरकेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मृतक और घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव जिला मुख्यालय भेजा है।