बरखेड़ा(पीलभीत)। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर रायपुर की पुलिया के पास शनिवार रात सांड़ की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उसे बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंडरी खमरिया गांव निवासी सुनील कुमार (31) पुत्र रामभरोसे शनिवार रात करीब आठ बजे मोटरसाइकिल से पीलीभीत से बरखेड़ा की ओर आ रहे थे। रायपुर की पुलिया के पास अचानक दौड़ता हुआ सांड़ उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि सुनील सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल सुनील को तत्काल बरखेड़ा सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।