इस्लामनगर। बीमार मां को देखने आए रिश्तेदारों को चंदौसी छोड़ने जा रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसके दो रिश्तेदार घायल हो गए।
अचलपुर निवासी रामवीर (27) पुत्र गजराम सिंह की मां कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें देखने मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी रघुवीर (50) और कमल सिंह (34) आए थे। अस्पताल से लौटने के बाद रामवीर दोनों को बाइक से चंदौसी छोड़ने जा रहा था। चंदौसी रोड पर कब्रिस्तान के सामने बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रघुवीर और कमल सिंह को मामूली चोटें आईं। तीनों को एंबुलेंस से रुदायन सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। संवाद