सांड से घायल वीरेश का सीएचसी बिल्सी पर इलाज करते चिकित्सक। संवाद
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बाइक सवार सड़क पर अचानक आ गए सांड़ से टकरा गया। हादसा बिल्सी कस्बा में गल्ला मंडी के सामने हुआ। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बिसौली कोतवाली के गांव मुबारकपुर निवासी वीरेश कुमार पुत्र प्रेमपाल दोपहर के समय अपनी बाइक से मुजरिया गांव से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह गल्ला मंडी के पास पहुंचे, तभी हाईवे पर घूम रहे एक सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर पशुओं की बढ़ती संख्या आए दिन हादसों को दावत दे रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इससे पहले भी नगर के आसपास कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।