बिनावर। बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव खुनक के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका नाती गंभीर घायल हो गया। घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे बिनावर थाना क्षेत्र के गांव खुनक निवासी 77 वर्षीय अमीर अहमद अपने नाती अजीर अहमद के साथ शहर से गांव जा रहे थे। इस दौरान खुनक चौराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे में अमीर अहमद और अजीर अहमद गंभीर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर परिजन पहुंच गए। परिजन अमीर अहमद को बरेली ले जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। इधर, घायल अजीर अहमद को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया, जिसे बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
इसके बाद तहरीर मिलने पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस संबंध में एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि दादा और नाती किसी काम से जा रहे थे। उनकी बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दोनों ही बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे में दादा की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।