बदायूं में शादी का झांसा देकर बीएड की छात्रा से यौन शोषण करने और जानलेवा हमले के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों में छात्रा की सगी भाभी और उसका भाई भी शामिल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीएड की छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन साल से वह भाभी के भाई के साथ प्रेम संबंध में थी। इस दौरान भाभी का भाई शादी का झांसा देकर उससे लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब वह शादी की बात कहती तो युवक भाभी से शिकायत करके उसके साथ मारपीट करता। इस दौरान युवक के जीजा ने भी छेड़छाड़ की।
छात्रा का कहना है कि बृहस्पतिवार को वह बरेली में थी। इस दौरान युवक शादी की बात कहकर गाड़ी से उसे घर ले आया। गाड़ी में छात्रा का भाई भी मौजूद था। जब वह अपने घर पहुंची। वहां पहले से ही युवक का जीजा और उसकी पत्नी, भाभी, आरोपी युवक का पिता मौजूद थे। आरोप है कि घर में घुसते ही युवक ने दरवाजा बंद कर लिया। एक राय होकर जान से मारने के इरादे से उसके साथ मारपीट की गई।
ये भी पढ़ें- UP: बेमेल इंजेक्शन की सात डोज... 15 मिनट में थम गईं सांसें; सिपाही पति ने खुद बताई पत्नी के कत्ल की पूरी कहानी
गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। वह किसी तरह आरोपियों के चुंगल से बचकर हरप्रसाद मंदिर तक पहुंची। यहां पुलिस को सूचना दी। उसे डायल 112 की पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं रिपोर्ट दर्ज की है।