बदायूं-बरेली मार्ग चौकस हो गया। अब बरेली-मथुरा हाइवे का एक टुकड़ा बचा है। इसी हाइवे के बदायूं से कछला तक करीब 30 किमी हिस्से के दिन बहुरने वाले हैं। यह हिस्सा फोरलेन तो नहीं, लेकिन थ्री-लेन हो रहा है। मुख्यमंत्री के आने से पहले इसके लिए कछला से साइड-पटरियों पर काम भी शुरू हो गया है।
समाजवादी पार्टी विकास के नाम पर चुनाव मैदान मे उतरेगी। यही वजह है कि विकास के कार्यों की जिले में लगभग रोज समीक्षा हो रही है। जो काम शुरू होने वाले थे, उन्हें मुख्यमंत्री के आने से पहले ही शुरू करा दिया गया है। बदायूं-बरेली फोरलेन रोड पूरा हो जाने के बाद शहर के बाईपास को जहां चिह्नांकन शुरू हुआ, तो अब बदायूं और कछला के बीच थ्री लेन रोड निर्माण का काम भी शुरू हो गया है। कछला की ओर से इसकी साइड पटरियों पर चौड़ीकरण चालू है।
यहां बता दें कि जिले में कछला हिंदू तीर्थ स्थल है। यहां विभिन्न स्नान पर्वों पर जिले और जिले के बाहर के भी तमाम स्थानों के बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसलिए कछला जिले का महत्वपूर्ण स्थल है। बदायूं से कछला तक करीब 30 किमी तक रोड का थ्री-लेन रोड बनाया जाएगा, इसके लिए 52 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में पांच करोड़ रुपये भी प्राप्त हो चुके हैं।
-----
स्वीकृत विकास कार्यों को शीघ्रता से शुरू किया जा रहा है। विकास के कार्यों में शीघ्रता के साथ गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बदायूं-कछला मार्ग को थ्री-लेन बनाने के लिए भी काम शुरू हो चुका है।
- अनिल कुमार मिश्रा, एक्सईएन, प्रांतीय खंड