बिल्सी। गांव बेहटा गुंसाई में चल रहे बीजीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को बेहटा चैलेंजर्स और बेहटा चैंपियन के बीच मुकाबला हुआ। अंतिम विकेट तक चले इस संघर्षपूर्ण मैच में बेहटा चैलेंजर्स ने बेहटा चैंपियन को एक विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहटा चैंपियन की टीम निर्धारित 16 ओवर में 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नोबिता ने 33, अमित ने 29, अमन ने 15, रामकिशन ने 13 और आर्यन ने 11 रन का योगदान दिया। बेहटा चैलेंजर्स की ओर से यशपाल ने तीन, चंद्रपाल ने दो तथा दीपांशु ने एक विकेट हासिल किया।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेहटा चैलेंजर्स की शुरुआत काफी खराब रही। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर गए। इसके बाद सोनू और यशपाल ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। हालांकि अंतिम ओवर में लगातार विकेट गिरने से मैच फिर रोमांचक हो गया। आखिरी विकेट के रूप में बल्लेबाजी करने आए अतीक सलमानी ने आर्यन की गेंद पर शानदार चौका जड़कर टीम को यादगार जीत दिला दी।
बेहटा चैलेंजर्स की ओर से यशपाल ने धुआंधार 60 रन बनाए। इसके अलावा चंदू ने 14, सोनू ने नौ, दीपांशु ने चार और अनुभव ने तीन रन बनाए। बेहटा चैंपियन की ओर से रामकिशन ने तीन, आदिल ने दो तथा आर्यन और अमन ने एक-एक विकेट लिया।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 60 रन बनाने और तीन विकेट लेने वाले यशपाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 16 जून को बेहटा चैलेंजर्स और किंग्स इलेवन के बीच खेला जाएगा। इस मौके पर राघव पुरी, अन्ना पुरी, ओम वार्ष्णेय, ठाकुर दास, सोनू, मोनू, दानिश, भूरे सैफी, सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे।