कछला से कांवड भरकर निकले शिवभक्तों ने की पूजा-अर्चना
गंगाघाट पर कांवड़ियों ने लगाई आस्था की डुबकी
सावन महीना के पहले सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक के लिए कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों का रैला उमड़ पड़ा। कावंड भरने के बाद शिवभक्तों ने घाट पर पूजा-अर्चना की। शिवालयों की ओर चले शिवभक्तों की टोलियों ने भोलेनाथ का जय-जयकार भी किया। हाइवे पर बम-बम भोले गूंजता रहा।
कांवड़ भरने के लिए रविवार को कछला गंगाघाट पर बरेली और पीलीभीत जिले के कई शिवभक्तों की टोलियां पहुंची। शिवभक्तों ने टोलियों के रूप में ही गंगा स्नान किया। कांवड़ भरने से पहले उन्होंने सूर्य देव का अर्क दिया। कांवड़ों का घाट पर ही पूजन किया गया। कासंगज जिले के छोर वाले घाटों पर भी शिवभक्तों की भीड़ नजर आई। जीवनदायनी को मत्थाटेक कर निकले शिवभक्तों ने बरेली-मथुरा हाइवे पर साउंड सिस्टम की धुन पर नृत्य भी किया।
कुछ टोलियों के साथ कलाकार भी थे। कलाकारों ने शंकर-पार्वती के वेश में धमाल मचा दिया। बाजार में शिवभक्तों का दुकानदारों ने स्वागत किया। कछला और घंटाघर चौराहे पर भी कलाकारों ने मनमोहक प्रदर्शन किया। हाइवे पर शिवभक्तों के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ भरने का दौर देर शाम तक चला। बता दें कि सावन महीना के पहले सोमवार के लिए शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा। जलाभिषेक से पहले शिवालयों में सजावट भी कर दी गई है।
-----
पुलिस ने बैरियर पर रोके वाहन
उझानी। कावंड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर कोवताली क्षेत्र में पुलिस ने बरेली-मथुरा हाइवे पर छह स्थानों पर बैरियर (अवरोधक) लगाए हैं। जजपुरा मंदिर, बदायूं बाइपास, दिल्ली मोड़, मंडी समिति मोड़, वितरोई मोड़ और कासगंज जिले वाले छोर पर लगे बैरियर पर एक-एक दरोगा के साथ तीन पुलिस कमियों को लगाया है। वितरोई मोड़ वाले बैरियर पर दरोगा ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही पूरी पूरी तरह प्रतिबंधित है।
------
घाट पर पहुंची पीएसी की मोटरवोट
उझानी। गंगा ड़ुबकी लगाते वक्त कांवड़ियों की देखरेख के लिए शनिवार को गंगाघाट पर पीएसी की मोटरवोट भी पहुंच गई। पीएसी के पांच गोताखोरों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। घाट पर रविवार को सीओ नरेश कुमार और कोतवाल गोपींचद्र यादव ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से बात कर उन्हें दिशा-निर्देश भी दिए।