दातागंज। परिवार की एक महिला के ग्राम प्रधान से संबंध का विरोध करना ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि प्रधान ने ग्रामीण के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बचाव में आई उसकी भतीजी से छेड़खानी की। प्रधान ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीण प्रधान की दबंगई के चलते परिवार के साथ घर छोड़ गया है। पीड़ित ने दातागंज पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होते देख अब उसने एसएसपी से शिकायत की है।
घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। ग्रामीण ने एसएसपी को भेजी शिकायत में कहा है कि उनके परिवार की एक महिला के संबंध गांव के प्रधान से हैं। दोनों को कई बार समझाया, लेकिन दोनों ने अपनी हरकतों में सुधार नहीं किया। इसको लेकर प्रधान उनसे रंजिश मानता है। आरोप है कि जब प्रधान को समझाया गया तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने उनके साथ मारपीट की।
इस दौरान उनकी भतीजी बचाव में आई तो प्रधान ने उसके साथ भी छेड़खानी की। ग्रामीण ने प्रधान की शिकायत दातागंज कोतवाली में की थी, जिससे प्रधान बौखला गया। प्रधान ने ग्रामीण को जान से मारने की धमकी दी। प्रधान की धमकी को देखकर ग्रामीण परिवार के लोगों के साथ घर छोड़कर किसी दूसरी जगह पर चला गया है। दातागंज पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपी प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।