शहर के शास्त्री चौक पर ई-रिक्शा रोकने के लिए लगाया गया पुलिस बैरियर। संवाद
बदायूं। शहर के बड़े बाजार से लेकर अन्य मार्केट तक अब ई-रिक्शा नहीं पहुंच सकेंगे, इसके लिए यातायात पुलिस ने रविवार को बाजार में पुलिस बैरियर लगा दिए। रविवार को बाजार में ई-रिक्शा, टेंपो व चार पहिया वाहन नहीं घुस सके, जिससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
बाजार में जाम न लगे, इसके लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। ई-रिक्शा को बाजार में जाने से रोकने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं। शास्त्री चौक, सराफा बाजार, बड़ा बाजार आदि स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। यहां से कोई भी ई-रिक्शा बाजार के अंदर प्रवेश नहीं कर पाएगा।
इसके अलावा बैरियरों के पास पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे, जो जबरन घुसने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस कर्मी नजर रखेंगे कि कहीं भी जाम न लगे। रविवार को देखने को मिला कि ई-रिक्शा बाजार तक नहीं पहुंच सके। खरीदारी करने आए लोगों को मुख्य चौराहों से बाजार तक पैदल ही जाना पड़ा है। बाजार में जाम न लगने से दुकानदारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी है।
बाजार में जाम लग रहा था। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसमें लापरवाही करने वाले चालकों व ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। ई-रिक्शा व टेंपो बाजार तक किसी कीमत पर नहीं जाने दिए जाएंगे। -आरएल राजपूत, प्रभारी यातायात निरीक्षक