दो घंटा कम हो जाएगा बरेली से मथुरा का सफर
अभी कछला से उझानी होते हुए बदायूं आने पर सड़क पर कभी-कभार जाम जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। दरअसल कई जगहों पर यह मार्ग काफी संकरा है। कुछ जगहों पर सड़क चौड़ी है, लेकिन जहां संकरी है वहां अक्सर जाम लगता है। कछला से उझानी होकर चंदननगर खरैर तक के इस मार्ग में बाइपास भी शामिल रहेगा।
चौड़ीकरण के बाद लोगों की राह काफी आसान हो जाएगी। इसके अलावा जगह जगह जर्जर हो चुकी सड़क से भी मुक्ति मिल जाएगी। बरेली से मथुरा की दूरी करीब 215 किलोमीटर है। वर्तमान में बरेली से मथुरा जाने में तकरीबन छह घंटे लगते हैं, लेकिन फोरलेन बनने पर यह सफर चार घंटे में पूरा हो सकेगा।
एनएचएआई बदायूं जिले की सीमा में तीसरे चरण में 34 किलोमीटर मार्ग चौड़ा करेगा। इसके लिए 116 हेक्टेयर जमीन की जरूरत पड़ेगी। किसानों की जमीन का अधिग्रहण करने के लिए संबंधित तहसीलों के अधिकारियों को लगाया गया है। वे इसका डाटा एकत्र करने में जुट गए हैं। - रामजीलाल, सिटी मजिस्ट्रेट/सक्षम अधिकारी, भूमि अधिग्रहण