बदायूं/कुंवरगांव। बिहारी की गौटिया के मुकद्दम उर्फ बांकेलाल हत्याकांड में लगातार आरोपित महिला पुलिस को गुमराह कर रही है। वह जिस-जिस व्यक्ति का नाम बताती जा रही है। पुलिस उसको हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अब तक महिला के बताने पर पांच लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। अभी पुलिस को खुलासे में एक-दो दिन और लग सकता है।
मुकद्दम उर्फ बांकेलाल हत्याकांड में गांव के चार लोग नामजद हैं और उनमें तीन लोग पुलिस की हिरासत में हैं। मुकद्दम के भाई का कहना था कि 12 फरवरी की रात मुकद्दम उर्फ बांकेलाल अपने खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान उनकी किसी धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। इन चारों लोगों से उनकी जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी, जिससे उन्होंने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी लेकिन जब पुलिस की छानबीन आगे बढ़ी तो महिला का नाम सामने आया। दरअसल बांकेलाल की कॉल डिटेल में महिला के मोबाइल नंबर पर सात बार बात हुई थी। इससे महिला को पकड़कर थाने लाया गया और उससे पूछताछ शुरू की गई। जब-जब उससे पूछताछ की गई तो उसने हर बार नई बात बताई। उसने ग्राम प्रधान के देवर का नाम लिया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके नाम का एक और व्यक्ति पकड़ा गया। एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार लोग तो दूसरे समुदाय के ही बताए। शनिवार रात एक नया नाम बताया। हालांकि वो भी हिस्ट्रीशीटर है। इससे पुलिस ने उसको भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
-
- बांकेलाल हत्याकांड में लगातार छानबीन चल रही है। इसमें कई चीजें सामने आई हैं। अभी कुछ छानबीन करना भी शेष रह गई है। जल्द ही इस हत्याकांड से पर्दा उठा दिया जाएगा।- आलोक मिश्रा, एसएसपी