बदायूं। श्रमिक संघों की हड़ताल का जिले में पहले दिन मामूली असर दिखा। मंगलवार को सुबह स्थिति यथावत रही पर दोपहर बाद स्थिति बदल गई। विरोध कर रहे कुछ कर्मचारियों ने बैंकों को बंद कराकर इंदिरा चौक पर महाराष्ट्रा बैंक के सामने धरना प्रदर्शन किया। संगठन के जुड़े पदाधिकारियों ने दावा किया कि जिले में दो दिनों में करीब 500 करोड़ रुपये का लेनदेन और चेक क्लियरेंस प्रभावित हुआ है। ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आल इंडिया बैंक इम्पलाइज एसोसिएशन (एआईवीए) ने अखिल भारतीय बैंक एवं श्रामिक संगठनों की हड़ताल का आह्वान किया था। इसके तहत मंगलवार को दूसरे दिन सुबह के समय बैंकों में हड़ताल का असर नहीं दिखाई दिया। वहां रोज की तरह काम शुरू हो गया। इस बीच दोपहर के वक्त संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने बैठक की और बैंकों में जाकर अधिकारियों, कर्मचारियों से मिले। साथ ही हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया। इसके बाद में एआईवीए के बैनर तले कर्मचारियों ने इंदिरा चौक स्थित पीएनबी और नवादा स्थित पीएनबी के मंडल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यहां केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की।
पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के नेताओं ने कहा कि मंगलवार को बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसकी वजह से करीब 300 करोड़ का लेनदेन और 200 करोड़ रुपये के चेक क्लियरेंस अटक गए हैं। इसकी वजह से ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दावा किया कि एसबीआई को छोड़कर जिले की 196 अलग-अलग बैंकों की शाखाओं में से 158 के कर्मचारी उनके साथ रहे। इस मौके पर हरवीर सिंह, दीपक सिंह, अजय कुमार, देवेंद्र, शुभम अरोरा, राजेश कुमार, अरविंद गौतम, सोनू, लता, लोकेश, प्रमोद कुमार, राम विलास, सुनील कुमार, सुखपाल आदि बैंक कर्मी मौजूद रहे।
-
निजीकरण से कर्मचारी हित प्रभावित होंगे
पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बैंकों का निजीकरण किया जा रहा है, जो ठीक नहीं है। यह नीति कर्मचारियों के हित में नहीं है। इसका पुुरजोर विरोध किया जाएगा, जरूरत पड़ी तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।
-
सुनवाई न की तो बेमियादी धरना प्रदर्शन होगा
पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के संयुक्त सहायक महामंत्री औतपाल सिंह ने कहा कि मंगलवार को पीएनबी, बीओबी, यूबीआई, बीओआई समेत अन्य बैंकों के कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि अगर सरकार ने कर्मचारी विरोधी नीति को नहीं रोका तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य हो जाएंगे।
-
एटीएम पर रही भीड़
मंगलवार को बैंकों में हड़ताल होने की वजह से ग्राहकों को काफी परेशानी हुई। इसमें सबसे ज्यादा लेन-देन प्रभावित हुआ है। ऐसे में एटीएम पर लोड बढ़ गया। कई जगह एटीएम पर रुपये निकालने के लिए लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं।
-------------------
कर्मचारी संगठनों का दावा जो भी हो पर हमें नहीं लगता कि हड़ताल से बैंक व्यवसाय पर बदायूं जिले में कोई फर्क पड़ा है। अधिकतर बैंक पूरे खुले रहे तो कुछ जगह स्टाफ धरने में शामिल होने चला गया। वहां बाकी बैंक स्टाफ ने काम संभाल लिया।
- श्याम पासवान, एलडीएम