भाकियू और बीकेडी ने उठाईं किसान हितों की तमाम समस्याएं
भाकियू और बीकेडी ने संयुक्त रूप से रियोनाई स्टेट बैंक के खिलाफ जांच करने वाले अधिकारी पर लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि फर्जी लोगों के निशानी अंगूठा लेकर जांच अधिकारी ने लीपापोती की है।
मालवीय आवास पर एकत्र हुए किसानों के बीच भाकियू और बीकेडी नेताओं ने कहा कि जांच में घपला करने वाले भ्रष्ट अफसर हैं। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। भाकियू जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट ने भाकियू की टोपी का अपमान करने वाले बैंक शाखा प्रबंधक और लीड बैंक अफसर को तलब किया है। भाकियू पदाधिकारियों के साथ इनसे वार्ता होगी। बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना ने कहा कि जिले में सूखा की स्थिति बनती जा रही है। ऐसे में किसानों से वसूली रोकी जानी चाहिए। जिला महासचिव रामाशंकर शंखधार ने बिजली कटौती पर आक्रोश जताया। किसान यूनियन कम से कम 14 घंटे ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की मांग करती है। निजी स्कूलों में मनमाने तरीके से पुस्तकें और फीस वसूली हो रही है। अभी तक इसका कोई निराकरण नहीं हो सका है। भाकियू और बीकेडी इन बिंदुओं पर जबर्दस्त आंदोलन करने को मजबूर होगी।
इस मौके पर हारुन गौस, कल्लन मियां, सुरेश गुप्ता, धीरेंद्र सिंह, आरिफ गाजी, राजू फौजी, बाबू खां, रईस अहमद, असलम, नरेंद्र सक्सेना, लाल मियां, मुख्तयार अहमद, मुन्ने अली, दिवाकर गुप्ता, सुलेमान, परमेश्वरी, रियासत, गिरीश राजदूत आदि मौजूद रहे।