त्योहारों के इस सीजन में यदि कुछ खास खरीदना चाहते हैं, तो कल जल्द ही बैंक शाखाओं से रुपये निकाल लीजिए। नहीं तो रुपये न होने की वजह से त्योहारों पर तमाम ख्वाहिशें अधूरी रह जाएंगी। इस सप्ताह पांच दिनों तक लगातार बैंक शाखाएं बंद रहेंगीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना उठाना पड़ सकता है।
इस सप्ताह धनतेरस, दिवाली, परवा, भैयादूज और फिर सेकेंड सटरडे और संडे के अवकाश की वजह से इस सप्ताह बैंक शाखाएं लगातार पांच दिनों तक बंद रहेंगी। इससे बैंक के ग्राहकों को रुपयों का लेनदेन करने में भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। अक्सर देखा गया कि त्योहारों के मौकों पर एटीएम में भी कैश खत्म हो जाता है। इसलिए एटीएम कार्ड धारक भी मंगलवार तक रुपये निकाल लें, जिससे आगे परेशानी से बचा जा सके।
इस बारे में लीड बैंक मैनेजर चारू भट्टाचार्य का कहना है बुधवार से दिवाली अवकाश शुरू हो रहे हैं। इसके बाद सोमवार को बैंक शाखाएं खुलेंगी। सभी बैंकों को मंगलवार को एटीएम कैश से फुल करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि अवकाश के दिनों में कैश नहीं निकाला जा सकता है। एटीएम कैश से फुल होंगे तो लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।