समाजवादी पेंशन योजना के तहत पेंशन पा रहे 998 पेंशनधारकों की पेंशन पर समाज कल्याण विभाग ने रोक लगा दी है। इन पेंशनधारकों ने बैंक खातों में गत छह महीनों से लेनदेन नहीं किया था। 190 लाभार्थियों के बैंक खाते ब्लॉक होने की वजह से उन्हें भी पेंशन नहीं भेजी जा रही है। इन बैंक खातों का सत्यापन करने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी ने दिए हैं।
जिले में 70456 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन योजना के तहत पेंशन का लक्ष्य था, जिसमें 66894 लाभार्थियों को पेंशन की दूसरी किश्त भेजी जा चुकी है। लाभार्थियों की जांच करने के दौरान पब्लिक फंड मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) ने पाया कि 998 लाभार्थी बैंक खातों का संचालन नहीं कर रहे हैं। इसलिए उन्हें बंद कर दिया। इससे उनकी पेंशन रोक दी गई। ऐसे लाभार्थी बैंक खाता संचालित करवाकर पासबुक पर इंट्री जमा करें। इसके बाद ही पेंशन भेजी जाएगी।
190 लाभार्थियों के बैंक खाते ब्लाक होने जाने की वजह से पेंशन नहीं भेजी जा रही है। इन बैंक खातों का सत्यापन करके रिपोर्ट देने के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिकारी कर्मचारियों को दी गई है। इनकी पेंशन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भेजी जा सकेगी।