जिले में ईद-उल-अजहा सौहार्द और शांतिपूर्ण ढंग से मनाई गई। शहर की जामा मस्जिद में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की गई। वहीं छोटे सरकार ईदगाह में नमाज सुबह 9:30 बजे हुई। नमाज के दौरान मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। नमाज के बाद कुर्बानी की गई।
छोटे सरकार ईदगाह में सुबह सात बजे से नमाज की तैयारी शुरू कर दी गई थी। सुबह आठ बजे से लोग जमा होने शुरू हो गए और नमाज का समय होने तक हजारों की भीड़ जमा हो गई। इनमें बच्चे भी शामिल थे। छोटे सरकार ईदगाह पर सुबह 9:30 बजे मौलाना अज्जान मियां कादरी ने नमाज अदा कराई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बकरीद मुहब्बत से मनाएं। कुर्बानी के बाद मन में छिपा झूठ और बुराई का अंत कर देना चाहिए। कुर्बानी ऐसी जगह न करें जहां किसी को कोई दिक्कत हो।
शहर की जामा मस्जिद में हाफिज ताहिर हुसैन कादरी और मदरसा आलिया कादरिया में काजी अब्दुल हमीद, मोहम्मद सालिमुल कादरी ने नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान कौम और मुल्क की सलामती की दुआ मांगी गई। खुतबा सुनने के बाद लोग एक-दूसरे के गले मिले और मुबारकबाद दी। इसके अलावा जालंधरी सराय, चौधरी सराय, घंटा घर स्थित मस्जिद में भी नमाज अदा की गई।
छोटे सरकार ईदगाह में नमाज के दौरान डीएम अनिता श्रीवास्तव, एसएसपी चंद्रप्रकाश, एसपी सिटी कमल किशोर, सिटी मजिस्ट्रेट राज कुमार द्विवेदी, पूर्व मंत्री आबिद रजा आदि मौजूद रहे।