बदायूं। राष्ट्रीय आह्वान पर शुक्रवार को भाकियू ने किसान बचाओ देश बचाओ खेत बचाओ रैली निकाली। रैली के रूप कार्यकर्ता मंडी समिति पहुंचे, वहां किसानों ने मंडी सचिव को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।
रैली से पहले मालवीय आवास पर पंचायत का आयोजन किया गया। मंडल प्रवक्ता राजेश सक्सेना ने कहा कि सरकार किसानों की मंडियों को पूंजीपतियों के पास गिरवी रखना चाहती है। कृषि संबंधी कानून लागू होने के बाद किसान की हालत और भी खराब हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब सरकार से कृषि कानूनों के विरोध में आरपार की लड़ाई होगी। योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर भी उन्होंने निशाना साधा। कहा कि सरकार ने चार साल जनता को गुमराह किया है। नगर अध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि जब तक सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक किसान आंदोलन जारी रहेगा। मालवीय आवास पर पंचायत के बाद किसान जुलूस के रूप में मंडी समिति पहुंचे। यहां मंडी समिति सचिव को ज्ञापन दिया। इस मौके पर चौधरी नसरीन, गिरीश राजपूत, राघवेंद्र कश्यप, भीमसेन, पप्पू, साबिर हुसैन, डॉ. राम अवतार, शिवदयाल सागर, राधा कृष्ण यादव, एकराम पटेल आदि मौजूद रहे।