खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। स्रोत आयोजक
बदायूं। बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित पांचवीं जीएस हीरो अंडर-19 क्रिकेट प्रीमियर लीग का शुक्रवार से शुभारंभ हो गया। पहले दिन उद्घाटन मैच बजरंग ब्लास्टर और साइन ब्लास्ट के बीच खेला गया। इसमें बजरंग ब्लास्टर ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। वहीं, अंशुल सिंह को मैन ऑफ द प्लेयर घोषित किया गया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष बाबू शर्मा ने बताया कि एसकेआईसी के मैदान पर आयोजित प्रीमियर लीग मैच में साइन ब्लास्ट के कप्तान विशाल राजपूत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 19 ओवर में टीम 109 रन पर ऑलआउट हो गई। बल्लेबाज सानिध्य यादव ने 28 और प्रिंस जोशी ने 25 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।
बजरंग ब्लास्टर की तरफ से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान अभिषेक कश्यप ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। फिरकी गेंदबाज अंशुल सिंह ने चार ओवर में सिर्फ चार रन देकर तीन विकेट चटकाए। गोविंद यादव ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट लिए, जबकि कुनाल पाल ने भी दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बजरंग ब्लास्टर ने 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 112 रन बनाकर मैच पांच विकेट से जीत लिया। अंशुल चौहान ने नॉट आउट आठ रन बनाए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अंशुल सिंह को मैन ऑफ द प्लेयर घोषित किया गया। साइन ब्लास्ट की ओर से जुनैद खान ने तीन ओवर में 14 रन देकर दो विकेट लिए।
इससे पहले रोटरी क्लब के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने शानदार चौका लगाकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। शुभारंभ से पहले उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष दीपक सक्सेना, अमरीश गोयल, एमपी सिंह, रचित गोयल, संघ के प्रचारक सुधांशु, संघ चालक सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं संचालन रविंद्र सक्सेना द्वारा किया गया।