एसके इंटर कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट खेलते खिलाड़ी। स्रोत एसोसिएशन
बदायूं। बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित जूनियर जीएस हीरो प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच एसके इंटर कॉलेज के मैदान पर खेला गया। इसमें बजरंग ब्लास्ट और किंग्स इलेवन की टीमें आमने-सामने थीं। बजरंग ब्लास्ट ने किंग्स इलेविन को दो रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, कुणाल पाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टॉस जीतकर बजरंग ब्लास्ट ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 171 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ओपनर गोविंद यादव ने आक्रामक शुरुआत की और 45 गेंदों पर 43 रन बनाए। इसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था। उनके साथ खेलते हुए कुणाल पाल ने बेहतरीन संयम दिखाया और 59 गेंदों में 62 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। जिससे टीम मजबूत स्थिति में पहुंची।
हालांकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके, जिससे टीम बड़े स्कोर से मामूली दूरी पर रह गई। किंग्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी में आदि कुमार ने तीन ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि जतिन और शिखर को एक-एक विकेट मिला। दो खिलाड़ी रन आउट भी हुए। जिसने बजरंग ब्लास्ट की रन गति को प्रभावित किया। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार गिरते विकेटों ने टीम की लय तोड़ दी। निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी और केवल दो रन से मैच हार गई।
किंग्स इलेवन की ओर से सिद्धार्थ अधना ने सर्वाधिक 58 रन बनाए, जबकि नितिन ने 12 रन का योगदान दिया। बजरंग ब्लास्ट की ओर से गेंदबाजी में भी कुणाल पाल का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। अभिषेक कश्यप ने दो विकेट और कृष्णा ने एक विकेट लिया, जबकि दो रन आउट किए। उनके बेहतरीन ऑलराउंड खेल के दम पर कुणाल पाल को मैन ऑफ द प्लेयर घोषित किया गया। लीग चरण में बजरंग ब्लास्ट ने अपने सभी चार मैच जीतकर कुल आठ अंक हासिल किए और फाइनल में प्रवेश किया। संगठन के सचिव संतोष बाबू शर्मा ने बताया कि मैच में अंपायरिंग छोटू और वसीम उल हसन ने की। स्कोरिंग सुशांत सिंह ने की। इस मौके पर अभय सक्रेना, रोहित शर्मा, शाहिद, अजय, अरविंद और इकबाल मौजूद रहे।