बदायूं। ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण अभियान के गति न पकड़ने के कारण बदायूं प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले पिछड़ता जा रहा है। टीकाकरण में प्रदेश स्तर पर जिले की रैंकिंग की बात करें तो 25वें स्थान से जिला खिसककर 34वें स्थान पर पहुंच गया है। इस बीच शासन स्तर से जिले में जुलाई के अंत तक 6.76 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कोरोना टीकाकरण 16 जनवरी से शुरू हुआ था। करीब 37 लाख आबादी वाले जिले में अब तक करीब 2.40 लाख लोगों को ही टीका लगाया जा सका है। लक्ष्य के सापेक्ष जिले में टीकाकरण नहीं हो पा रहा। दरअसल, कई भ्रांतियों के कारण ग्रामीण इलाकाें में लोग टीका लगवाने को घरों से निकल ही नहीं रहे। ऐसे लोगों की संख्या भी काफी है जो पहले के बाद दूसरा टीका लगवाने नहीं पहुंचे। पहले जिले को प्रतिदिन 11 हजार लोगों के टीका लगाने का लक्ष्य मिला था। बाद में इसे घटाकर छह हजार कर दिया गया। इस लक्ष्य को भी हासिल नहीं किया जा पा रहा है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि जुलाई अंत तक जिले को टॉप 20 में लाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
कोरोना टीकाकरण मामले में बदायूं प्रदेश में 34वें स्थान पर है। कुछ भ्रांतियों के कारण लोग कम संख्या में टीका लगवा रहे हैं। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जुलाई अंत तक के लिए नया लक्ष्य मिल गया है। कोशिश है कि जुलाई अंत तक बदायूं रैंकिंग में सुधार के साथ टॉप 20 में शामिल हो जाए। - डॉ. मोहम्मद असलम, एसीएमओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण