बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर उसावां तक काम पूरा होने के बाद अब बदायूं से चंदौसी तक हाईवे चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए खुद जनप्रतिनिधियों ने पहल की है। इसके बाद 265 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया है, जिसे अब नए वित्तीय वर्ष में शासन को भेजा जाएगा।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे के चौड़ीकरण के क्रम में उसावां से बदायूं तक सड़क को चौड़ा कर दिया गया है। यह मार्ग शहर से बिसौली होते हुए चंदौसी तक जाता है। मौजूदा समय में इस मार्ग पर बरेली रोड से ज्यादा यातायात का दबाव है। तकरीबन 15 से 20 हजार वाहन इस मार्ग से रोजाना गुजरते हैं।
यही कारण है कि इस मार्ग पर हादसे भी ज्यादा होते हैं। इसी को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से चंदौसी तक सड़क के चौड़ीकरण को लेकर पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव बनाने को कहा है। उधर, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बदायूं-चंदौसी मार्ग का चौड़ीकरण करने के लिए कार्ययोजना को तैयार किया गया है। इस माह वित्तीय वर्ष समाप्त हो रहा है। इसके बाद अगले माह नए वित्तीय वर्ष में इसे भेजा जाएगा।
सात की जगह 10-10 मीटर चौड़ी होगी सड़क
बदायूं से चंदौसी की दूरी करीब 60 किलोमीटर है। इसमें शहर से निकलते ही वजीरगंज, बिसौली व फैजगंज बेहटा तीन थानाक्षेत्र की सड़कें पड़ेंगी। चूंकि अभी सड़क महज सात किलाेमीटर ही चौड़ी है इसलिए इस मार्ग पर हादसे काफी होते हैं। चौड़ीकरण के दौरान दोनों तरफ दस-दस मीटर की सड़कें बनेंगी। इससे राहगीरों को जाम से भी मुक्ति मिलेगी, साथ ही हादसों पर भी ब्रेक लगेगा।
एनएचएआई भी सड़क को लेने में लगा
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि बदायूं से चंदौसी तक स्टेट हाईवे है। एनएचएआई भी इस मार्ग को लेने में लगा है। यह सरकार के ऊपर निर्भर करता है। उसावां तक का चौड़ीकरण पीडब्ल्यूडी की तरफ से ही किया गया है।
बदायूं-चंदौसी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए कार्ययोजना बनाई गई थी। इसे अब नए वित्तीय वर्ष में स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। - देवपाल सिंह, अधिशासी अधियंता, पीडब्ल्यूडी