पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड से बाहर आते गृहमंत्री अमित शाह। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। राजनीति की पिच पर विरोधियों को अक्सर मात देने वाले शाह ने बदायूं में भी सियासी चाल बड़ी साफगोई से चल दी। उन्होंने देहात के पिछड़े इलाके के वोटरों से लेकर शहर के प्रबुद्ध वर्ग तक पैठ बनाने का काम किया। सहज मुस्कान से अभिवादन का जवाब देने के साथ ही विकास की बात की और सपा सरकार की वापसी पर माफिया की वापसी का डर भी जता दिया।
गृहमंत्री अमित शाह का सभास्थल सहसवान विधानसभा का इस्लामनगर रहा। मुस्लिम व यादव बाहुल्य भूड़ से जुड़े इस इलाके में सवर्ण वोट भी काफी है। यहां शाह ने ग्रामीण इलाके के लोगों की खासी संख्या भांपकर पूर्ववर्ती सपा सरकार में अपराध का हवाला देकर दुखती नस दबा दी। पूर्व मुख्यमंत्री सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने लोगों से कहा कि चुनाव में चूकना नहीं है। भाजपा को वोट देना है। अगर चूके तो आजम खां, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी बाहर जा जाएंगे। फिर से प्रदेश में माफिया का राज हो जाएगा।
गृहमंत्री ने लोगों से सवाल पूछा कि अखिलेश बाबू के साथ कौन दिखता था। फिर खुद ही आजम खां, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और इमरान मसूद के नाम गिनाए। बोले- अब इनको कितने दिन से नहीं देखा है, तीन साल से यह सभी जेल में हैं। पिछड़े इलाके के वोटरों से कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार आई तो विकास के लिए रेड और माफिया के लिए ग्रीन सिग्नल मिल जाएगा। फिर योगी सरकार का बुलडोजर याद दिलाया। कहा कि अब कानून का राज है। किसी जिले में माफिया और बाहुबली नहीं हैं। शाह ने बदायूं की सभा भले रद्द कर दी पर जवाहरपुरी में प्रबुद्ध वोटरों के घर जाकर यह भी दर्शाने की कोशिश की कि भाजपा अपने परंपरागत वोटर अगड़े वर्ग को भूली नहीं है। शाह जिन घरों के दरवाजे पर गए उनमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख धीरज सक्सेना से लेकर रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी राकेश चतुर्वेदी समेत पांच घर शामिल थे। भाजपा के परंपरागत वोट माने जाने वाले ब्राह्मण व कायस्थ समाज के लोग पिछले दिनों अलग-अलग वजह से बैठकें करके राजनीतिक दलों पर उपेक्षा का आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में सवर्ण वोटरों के दरवाजे तक शीर्ष नेतृत्व की पहुंच काफी हद तक जख्म पर मरहम लगाने का काम किया। भाजपा को शाह की इस कवायद का कितना फायदा चुनाव में मिलेगा, यह तो दस मार्च को पता लगेगा पर फिलहाल शाह ने हाईटेक प्रचार में तो बाजी मारने का काम कर दिया है।