बदायूं। जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में शुक्रवार को एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने स्टॉफ पर देखरेख में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुआ।
वजीरगंज निवासी सरवर ने गर्भवती पत्नी नेहा को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार शाम उन्हें जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां देर रात नेहा ने बेटी को जन्म दिया। नेहा के पिता इसरार ने बताया कि शनिवार को बच्ची की हालत बिगड़ गई। इसके बाद बच्ची को एसएनसीयू में भर्ती किया गया।
यहां बच्ची की शनिवार सुबह 10 बजे मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। प्रसूता का आरोप है कि उनकी बेटी की देखभाल ठीक से नहीं हुई। अस्पताल के कर्मचारी हर जगह पर रुपये मांगते हैं।
इसको लेकर आधा घंटा तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। सीएमएस डॉ. इंदुकांत वर्मा का कहना है कि नेहा का बच्चा प्रीमेच्चोर था। उसको बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बच नहीं सका। लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। संवाद