यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह 8 अन्य अधिकारी
बदायूं। यातायात माह का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने उपस्थित ऑटो व ई-रिक्शा चालकों, विद्यार्थियों और पुलिस कर्मियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई और इसके बाद हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, निर्धारित लेन में चलना, ओवरस्पीडिंग और स्टंट बाइकिंग से बचना, तथा सड़क पार करते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करना जैसे नियम जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं इन नियमों का पालन करें और दूसरों को भी पालन के लिए प्रेरित करें ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। पुलिस लाइन से शुरू हुई यातायात जागरूकता बाइक रैली पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।